राजेसुल्तानपुर। क्वारंटीन सेंटर से नौ ग्रामीणों के फरार होने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया है। ग्राम प्रधान के अलावा संबंधित नौ ग्रामीणों पर भी केस दर्ज हुआ है। पुलिस टीम ने सभी संबंधित ग्रामीणों के घर पहुंचकर चेतावनी दी कि वे अविलंब सेंटर पर पहुंच जाए। इसके बाद सभी भागे हुए ग्रामीण एक-एक कर वापस क्वारंटीन सेंटर पहुंच गए।
क्वारंटीन सेंटर से नागरिकों भाग जाने के मामले में जनपद पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। एसपी आलोक प्रियदर्शी प्रतिदिन सभी क्वारंटीन सेंटरों को लेकर थाना प्रभारियों, बीट प्रभारियों व क्षेत्राधिकारियों से जरूरी रिपोर्ट हासिल कर रहे।
निर्देश दिया कि कोई भी नागरिक सेंटर से नदारद मिले तो अविलंब केस दर्ज किया जाए। इसी क्रम में राजेसुल्तानपुर पुलिस ने बुधवार शाम थाना क्षेत्र के कमालपुर पिकार गांव स्थित क्वारंटीन सेंटर का जायजा लिया तो वहां से दस में से नौ ग्रामीण नदारद पाए गए। पुलिस टीम ने चेतावनी दी कि यदि सुबह तक सभी नागरिक नहीं मिले तो केस दर्ज कर लिया जाएगा। संबंधित नागरिकों ने इसे हल्के ढंग से लिया।
गुरुवार सुबह पुलिस टीम ने एक बार फिर से परिषदीय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का जायजा लिया। वहां दस में से सिर्फ एक व्यक्ति पाया गया, जबकि नौ नदारद मिले। पुलिस टीम ने इसके बाद घर-घर जाकर चेतावनी दी कि यदि सभी नागरिक क्वारंटीन सेंटर न पहुंचे तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने बाद में उपनिरीक्षक रघुवीर प्रसाद की तहरीर पर नौ ग्रामीणों सुरेश, सूरज, महेश, संजय, अंकुर, कमलेश व विशाल आदि के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया। ग्रामीणों के लगातार क्वारंटीन सेंटर से नदारद रहने के बावजूद ग्राम प्रधान ने प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी, इसलिए ग्राम प्रधान प्रभात चंद्र तिवारी के विरुद्घ भी केस दर्ज कर लिया गया। एसओ रामलखन पटेल ने बताया कि ग्राम प्रधान पर लापरवाही बरतने तथा नौ नागरिकों के क्वारंटीन सेंटर से नदारद होने में केस दर्ज कर लिया गया है। क्वारंटीन सेंटर से नदारद सभी नौ ग्रामीण वापस सेंटर पहुंच गए हैं।