अंबेडकरनगर। नगरपालिका अकबरपुर के रसूलाबाद वार्ड में अंत्येष्टि स्थल का नए सिरे से निर्माण कराने की तैयारी है। इसके लिए नगरपालिका प्रशासन ने प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दिया है। हालांकि, अभी प्रस्ताव को मंजूरी मिलना बाकी है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
दरअसल, रसूलाबाद वार्ड में पहले से अंत्येष्टि स्थल बना है, लेकिन वहां तक पहुंचने का रास्ता खराब है। इसके अलावा परिसर में बना टीन शेड भी जर्जर हो चुका है। इससे अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। बारिश के दौरान कीचड़ और तेज धूप में छांव की व्यवस्था न होने से दिक्कत और बढ़ जाती है। स्थानीय लोग लंबे समय से अंत्येष्टि स्थल के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे।
लोगों की समस्या को देखते हुए नगरपालिका ने पहल की है। भूमि चिह्नित कर नए निर्माण का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। नगरपालिका की ओर से इससे पहले दो स्थानों पर अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जा चुका है। रसूलाबाद में भी निर्माण होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ईओ राजमणि वर्मा ने बताया कि अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।