अंबेडकरनगर। जिले में स्थापित गोशालाओं के नामित नोडल अधिकारियों के साथ शुक्रवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बैठक की। गोवंश आश्रय स्थलों में मौजूद सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही गोवंश के संरक्षण व राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क टीकाकरण के बारे में भी पूछा। कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर रहना होगा। किसी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि धान की कटाई का दौर शुरू होने वाला है। ऐसे में किसानों से संपर्क कर पराली इकट्ठा कराई जाए। पराली खरीदने की भी व्यवस्था की जाए। साथ ही कुपोषित परिवारों को दूध देने वाली गाय सौंपी जाएं। ये गाय पशु आश्रय स्थलों से दी जानी हैं। कहा कि इस तरह गो पालन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर पशु आश्रय स्थलों का निरीक्षण भी करें।
छुट्टा मवेशियों की शिकायत आ रही है तो उन्हें पकड़वाया जाए, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचे। सभी पशुओं का प्रमुखता से टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि सर्दी का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में पशु आश्रय स्थलों पर शेड/ तिरपाल की व्यवस्था कर ली जाए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी घनश्याम मीणा, जिला विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अर्थ संख्या अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आदि मौजूद रहे।