अंबेडकरनगर। कोरोना टीकाकरण के छठे महाअभियान में फ्रंटलाइन वर्करों के टीकाकरण का दौर शुक्रवार को चला। टीकाकरण कराने के बाद डीएम व अन्य अधिकारियों ने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया। कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के साथ ही फ्रंटलाइन वर्कर बधाई के पात्र हैं। उनके अतुलनीय योगदान से ही देश में कोरोना संक्रमण की दर पर अंकुश लगाया जा सका।
पूरी तरह सुरक्षित है टीका
जिला अस्पताल में टीका लगवाकर बाहर निकले जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि कोरोना से जंग जीतने में यह टीकाकरण मील का पत्थर साबित होगा। वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी है। वैक्सीन को लेकर न सिर्फ खुद जागरूक हों, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करें। कोई भी अभियान सामूहिक योगदान से सफल होता है। ऐसे में इस महाअभियान को प्रत्येक व्यक्ति मिलकर सफल बनाएं। ऐसा करने से ही देश पूरी तरह कोरोना मुक्त हो सकेगा।
अफवाह पर कतई न दें ध्यान
टीका लगवाकर प्रसन्नमुद्रा में जिला अस्पताल में मिले एसडीएम सदर मोईनुल इस्लाम ने कहा कि वैक्सीन को लेकर किसी अफवाह में पड़ने की जरूरत नहीं है। अपील करते हुए कहा कि नागरिक किसी भी अफवाह में न आएं। अभी कोरोना योद्धाओं को टीका लग रहा है। शीघ्र ही आम जनता को भी लगना प्रारंभ होगा। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए सभी को खुद आगे आना होगा। देश को कोरोनामुक्त तभी होगा, जब शत-प्रतिशत टीकाकरण होगा।
टीका लगवाने से नहीं कोई नुकसान
जिला अस्पताल में टीका लगवाने वाले तहसीलदार अकबरपुर जेपी यादव ने कहा कि वैक्सीन लेने से शरीर को कोई नुकसान नहीं है। वैक्सीनेशन से शीघ्र ही कोरोना से जंग जीती जा सकेगी। हम सभी की जिम्मेदारी है कि न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि इसके लिए दूसरों को भी जागरूक करें। टीका लगवाएं और जिले व देश को कोरोनामुक्त करने में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।
सभी को मिलेगा टीका लगवाने का मौका
नायब तहसीलदार अकबरपुर सत्यप्रकाश प्रजापति ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में टीका लगवाने के बाद कहा कि टीका लगवाने के बाद खुशी का अहसास हो रहा है। यह मौका सभी को मिलेगा। टीकाकरण में भागीदारी कर हम सब गंभीर बीमारी का जड़ से खात्मा कर सकते हैं। टीकाकरण पर ध्यान देने के साथ ही हमें संक्रमण से बचाव के तौर तरीकों पर भी ध्यान देना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही ठीक नहीं है।
सदैव याद रहेगा कर्मियों का योगदान
टांडा एसडीएम अभिषेक पाठक ने तहसील के समस्त कर्मचारियों के साथ टांडा अस्पताल पहुंचकर टीकाकरण कराया। उन्होंने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि कोरोना से निपटने में सभी फ्रंट लाइन कर्मचारियों ने जो योगदान दिया है, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। कर्मचारियों के अतुलनीय योगदान के बूते ही समूचे देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम करने की सफलता मिली है। इसी योगदान को आगे और भी कारगर ढंग से बनाए रखना है।