अंबेडकरनगर। टीकाकरण के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल को नजरअंदाज किया जा रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। नागरिकों की भीड़ के चलते दिन में कई बार ऐसा समय भी आया, जब कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाई गई। न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की सुध जिम्मेदारों को हुई और न ही मास्क की अनिवार्यता पर ही जोर दिया गया।
कोरोना वॉयरस को जड़ से समाप्त करने व कोरोना संक्रमण की तीसरी संभावित लहर से निपटने के लिए कोरोना वैक्सीन टीकाकरण अभियान को तेज कर दिया गया है। साथ ही इसके प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक टीका लगवाने के लिए संबंधित केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में नागरिक टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। टीका लगवाने को लेकर आपाधापी का माहौल इतना अधिक था कि कई बार सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ीं। और तो और लाइन में लगे कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने मास्क तक नहीं लगा रखा था। इस पर कुछ नागरिकों ने कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की। उधर सीएमएस डा. ओमप्रकाश ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि टीका लगवाने के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें।