अंबेडकरनगर। जिले में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले सामने आए। ऐसे में अब तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1284 हो गई है। 212 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उधर, जिला अस्पताल में मंगलवार को 62 लोगों का नमूना लेकर कोरोना जांच के लिए भेजा गया।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले सामने आए। 1049 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में कोरोना संक्रमण से अब तक 25 लोगों की जान जा चुकी है। बताया कि मंगलवार को जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं, उनमें न सिर्फ सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया गया है बल्कि संबंधित क्षेत्र के लोगों को जागरूक भी किया गया।
सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल में जांच के लिए 62 लोग पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. योगेश वर्मा व डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए सभी का एक-एक कर नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।