अंबेडकरनगर। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1114 हो गई है। शनिवार को तीन पुलिसकर्मियों सहित 26 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए, वहीं संक्रमण के शिकार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। साथ ही संक्रमण से मरने वाले मरीजों की संख्या 23 हो गई है। फिलहाल जिले का रिकवरी रेट ठीक चल रहा है। अब तक 842 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
शनिवार को बीते 24 घंटे में कुल 26 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। इसके अलावा अहिरौली क्षेत्र निवासी एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। सीएमओ डॉ अशोक कुमार ने बताया कि जिले में मृतकों की कुल संख्या 23 हो गई है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1114 है। इसमें से सिर्फ 249 मरीज ही एक्टिव हैं। अब तक 842 मरीज ठीक होकर वापस घर जा चुके हैं। नागरिकों को लगातार कोरोना से बचने के उपाय सुझाए जा रहे हैं। नागरिकों से घरों से बाहर कम निकलने की सलाह दी जा रही है। साथ सैनिटाइजर, मॉस्क व सोशल डिस्टेंसिंग पर ध्यान देने को कहा जा रहा है। आम नागरिकों को परेशान होने की जरूरत नही है। विभिन्न केंद्रों पर पहुंचने वाले लोगों की कोरोना जांच तेजी से की जा रही है।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली टांडा में तैनात एक महिला सिपाही सहित तीन सिपाहियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। बीते दिनों जनपद के एसओजी टीम के सिपाहियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कोतवाली के सिपाहियों की जांच कराई गई थी। इसमें कोतवाली में तैनात एक महिला सिपाही सहित कुल तीन सिपाही पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जाता है कि बीते दिनों डॉ. राजेश्वर यादव के घर हुई चोरी के मामले में एसओजी टीम के साथ कोतवाली पुलिस भी जांच में लगी थी। एसओजी टीम के सिपाहियों के कोरोना पॉजिटिव आने पर आशंका थी कि कोतवाली पुलिस टीम पर भी संक्रमण का खतरा हो सकता है। इसी को देखते हुए जांच कराई गई तो एक महिला सिपाही व दो पुरुष सिपाही संक्रमित पाए गए।