अंबेडकरनगर। अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर बार एसोसियेशन मंत्री मामले में आरोपी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों व कर्मचारियों के विरुद्घ केस दर्ज करने की मांग की। कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कोरोना संक्रमण से ग्रसित एसोसियेशन मंत्री रमेश सिंह के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि उनके पास मौजूद एक हजार रुपये भी छीन लिया। अस्पताल परिसर में मौजूद गंदगी आदि को लेकर उन्होंने प्रधानाचार्य से शिकायत दर्ज करायी थी। इसी बात से कॉलेज प्रशासन उनसे खफा था। मनमानी का आलम यह कि ऊपर से उनके विरुद्ध केस भी दर्ज दर्ज करा दिया। अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ने एसपी आलोक प्रियदर्शी से मामले को अत्यंत गंभीरता से लेने की बात कही।
शुक्रवार को बार एसोसियेशन अध्यक्ष नरसिंह नरायण सिंह के नेतृत्व में बार एसोसियेशन मंत्री रमेश सिंह के मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने एसपी से मुलाकात की। बताया कि मंत्री रमेश सिंह 31 अगस्त को राजकीय मेडकिल कॉलेज में कोविड-19 बीमारी के कारण भर्ती हुए थे। वार्ड में फैली गंदगी को लेकर उन्होंने प्रधानाचार्य से शिकायत दर्ज करायी। इसके बाद से वार्ड में उपचार के लिए तैनात चिकित्सकों व कर्मचारियों द्वारा उनके साथ अभद्रता की जाने लगी। इसके बाद 7 सितंबर की रात लगभग साढ़े 10 बजे एकराय होकर कुछ लोग आए और बीमारी की हालत में उनसे गालीगलौज करने लगे और जान से मारने की नीयत से उनके मुंह में लगा ऑक्सीजन किट निकलवा दिए।
उन्होंने इसका विरोध किया तो उनकी लात-घूसों से पिटाई की गई। करीब 40-50 की संख्या में मेडिकल कॉलेज के छात्र भी आ गए जो कोविड-19 का किट भी नहीं पहने थे। इस घटना के बाद उन्हें जान से मारने की नीयत से रात करीब 12 बजे जबरन अस्पताल से बाहर कर दिया गया। इसके बाद मुख्य गेट बंद कर दिया गया। फिर से छात्रों व कर्मचारियों द्वारा मारापीटा गया। उनके जेब में मौजूद एक हजार रुपये भी छीन लिये।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि गेट के पास मौजूद छात्रों के हाथ में असलहे भी थे। घटना उनकी पत्नी व बच्चे के सामने हुआ। घटना की सूचना पर थाना अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और अधिवक्ता को किसी तरह से बाहर निकाला गया। अधिवक्ताओं ने एसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी लोगों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की। कहा कि मामला गंभीर है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को सख्ती से व पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करनी होगी। इस मौके पर अध्यक्ष के अलावा कई अधिवक्ता मौजूद रहे। एसपी ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि मामले में समुचित कार्रवाई होगी।