अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में गुरुवार को कोरोना जांच के लिए 34 नागरिकों का नमूना एकत्रित किया गया। 38 नागरिकों ने जांच के लिए पंजीयन कराया था। डॉ मनोज शुक्ल व डॉ योगेश वर्मा के अलावा स्टाफ नर्स सुनीता व रंजना ने नमूना एकत्र करने में सहयोग किया। डॉ मनोज ने बताया कि जांच के लिए 34 नागरिकों का नमूना एकत्र किया गया है। जांच के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर भेजा जाएगा। यह रिपोर्ट दो दिन बाद उपलब्ध होगी।
तब तक जांच कराने के लिए आने वाले सभी नागरिकों को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके चलते जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए नागरिकों की भी संख्या लगातार बढ़ रही है। अब थर्मल स्क्रीनिंग की जगह मरीजों के लार का नमूना जांच के लिए एकत्रित किया जा रहा है। गुरुवार को डॉ मनोज शुक्ल व डॉ योगेश के नेतृत्व में टीम ने 34 नागरिकों के लार का नमूना लिया। डॉ योगेश ने नागरिकों से आह्वान किया कि लोग घरों से सावधानीपूर्वक निकलें। थोड़ी सी लापरवाही उन्हें कोरोना का शिकार बना सकती है। ऐसे में जरूरी है कि बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। बताया कि जिन 34 नागरिकों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है, उन्हें रिपोर्ट प्राप्त होने तक घर में क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है।