अंबेडकरनगर। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से जहां एक मौत हो गई, वहीं संक्रमण के 30 नये मामले सामने आए। ऐसे में जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर जहां 17 हो गई, वहीं पॉजिटिव लोगों की संख्या 637 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। कोरोना का कहर जिले में थम नहीं रहा है। 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के जहां 30 नए मामले आए, वहीं एक की मौत हो गई। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार को आई जांच रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में जिले में कोरोना संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए। कोरोना संक्रमण के चलते बसखारी निवासी एक युवक की लखनऊ में मौत हो गई। इस प्रकार कोरोना संक्रमण से जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। बताया कि 30 नए मामले आने से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या की संख्या बढ़कर 637 हो गई है। 449 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 171 का इलाज अलग अलग अस्पतालों में हो रहा है।
बताया कि जिन जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं, वहां सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा कि घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहें। यदि तनिक भी संदेह हो तो कोरोना की जांच जरूर कराएं। इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है।