पुलिस लाइन से निकलते समय यातायात जागरूकता रैली में शामिल पुलिसकर्मी। संवाद
अंबेडकरनगर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार को यातायात माह अभियान का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिस लाइन से यातायात पुलिस की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पटेलनगर, शहजादपुर, अयोध्या मार्ग और टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
सीओ ट्रैफिक जितेंद्र सिंह ने कहा कि नवंबर माह में पूरे महीने वाहन चेकिंग के साथ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नियमों की अनदेखी के कारण सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कर हादसों से बचा जा सकता है।
यातायात पुलिस बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बाइक पर तीन सवारी, वाहनों पर काली फिल्म और नो एंट्री का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार ने वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने और मुड़ते समय इंडिकेटर का इस्तेमाल करने की अपील की। इस मौके पर टीएसआई जेबी यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।