भीटी (अंबेडकरनगर)। अघोषित कटौती से बिजली उपकेंद्र सेनपुर से जुड़ी लगभग 50 हजार की आबादी इन दिनों मुश्किल में है। रोस्टर 18 घंटे का है, लेकिन बमुश्किल छह घंटा ही बिजली मिल पा रही है। इससे लोगों को पेयजल की समस्या हो रही है। बिजली से चलने वाले उद्योग-धंधे भी प्रभावित हैं।
बिजली उपकेंद्र सेनपुर से जुड़ी लगभग 50 हजार की आबादी को सुचारु बिजली नहीं मिल रही। इससे समंथा, टेमा, गोविंदापुर, समरसिंहपुर, तेजापुर, रुदऊपुर, सया, धरियाकला, सेनपुर, दुल्लापुर, बीरसिंहपुर समेत कई अन्य गांव के उपभोक्ताओं को पेयजल की समस्या से दो चार होना पड़ा।
रणविजय, अरविंद, सुनील कुमार, अभिषेक व लालजी ने कहा कि बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीते दो दिन से सुबह साढ़े पांच बजे से आठ बजे तक बिजली रहती है। इसके बाद 11 बजे आती है, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर चली जाती है। इसके बाद बिजली आने का कोई समय नहीं रहता।
अवर अभियंता बिजली धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि मुख्य लाइन में गड़बड़ी थी। इसके चलते बिजली आपूर्ति कुछ प्रभावित थी। बृहस्पतिवार शाम उसे दुरुस्त करा लिया गया। इसके बाद उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली मिलने लगी।