फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनियमित कटौती से उपभोक्ता बेहाल

Sun, 10 Jul 2016 11:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
अंबेडकरनगर के इस उपकेंद्र से हुई अचानक रिकार्ड विद्युत कटौती। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रमजान व ईद बीतने के साथ ही जिला मुख्यालय व ग्रामीण क्षेत्रों की लचर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ने उपभोक्ताओं को बेहाल कर दिया है। जिला मुख्यालय के उपभोक्ताओं को लंबे समय से लगभग 22 घंटे आपूर्ति मिल रही थी लेकिन शनिवार से अनियमित कटौती का दौर शुरू हो गया। इसे लेकर 36 घंटे में ही उमस व गर्मी के बीच उपभोक्ता त्राहि-त्राहि कर उठे।
विज्ञापन


कटौती के साथ ही नगर के कई मोहल्लों में तार टूटने व उपकरणों में खराबी आने की भी कई घटनाएं हुईं, इससे भी आपूर्ति में जबरदस्त व्यवधान का दौर बना रहा। गौरतलब है कि रमजान माह में जिला मुख्यालय के उपभोक्ताओं को लगभग 22 घंटे विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही थी।

यूं तो पूरे रमजान माह सुबह नौ से 11 तथा दोपहर बाद चार से छह बजे तक बिजली कटौती का रोस्टर लागू था लेकिन आमतौर पर यह कटौती हो नहीं रही थी। इसी दौरान बीते दिनों मुख्यमंत्री जिले के दौरे पर आए तो उन्होंने भरोसा दिलाया था कि अंबेडकरनगर को भी आजमगढ़ व अन्य जनपदों की तरह बेहतर बिजली मिलेगी।
विज्ञापन


इससे रमजान के दौरान बेहतर आपूर्ति शुरू हुई तो उपभोक्ताओं की उम्मीदें परवान चढ़ गईं। इस बीच रमजान व ईद पर्व समाप्त होने के ठीक बाद जनपदवासियों की सभी उम्मीदें अचानक चकनाचूर हो गईं। कारण यह कि विद्युत आपूर्ति की बदहाली का दौर अचानक 9 जुलाई से शुरू हो गया।

रात 9 बजे अचानक जिला मुख्यालय की आपूर्ति भंग हुई तो कुछ देर बाद ही यह खबर तेजी से फैल गई कि दो घंटे की रात्रिकालीन कटौती की जाएगी। इसके साथ ही यह भी पता चला कि दिन में एक से तीन बजे तक बिजली की कटौती होगी। रात 11 बजे बिजली आपूर्ति जब जिला मुख्यालय पर बहाल हुई तो भी कई क्षेत्रों में टिक नहीं पाई।

फैजाबाद रोड के मीरानपुर मोहल्ले में रात्रि एक बजे आपूर्ति ठप पड़ गई तो वहीं शहजादपुर के कई मोहल्लों में 12 बजे से आपूर्ति ने जवाब दे दिया। देर रात आपूर्ति बहाल हुई तब तक लोग तेज उमस व गर्मी में परेशान रहे। यही हाल रविवार दिन में भी रहा।

सुबह सात बजे से ही आपूर्ति में रह-रहकर व्यवधान का दौर चलता रहा जबकि नौ बजे से निर्धारित कटौती शुरू हो गई। नगर के तहसील तिराहा, तमसा मार्ग, मीरानपुर, अहिराना व फैजाबाद मार्ग आदि क्षेत्र में सुबह से भंग हुई विद्युत आपूर्ति अपराह्न  चार बजे के बाद बहाल हो सकी।

बताया गया कि अकबरपुर उपकेंद्र में मरम्मत का कार्य चल रहा था। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं का हाल तो और भी बुरा रहा। अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि रोस्टर में बदलाव लागू कर दिया गया है। जो रोस्टर एक माह पूर्व लागू था, अब वही फिर से प्रभावी है।

बीते दिनों बेहतर आपूर्ति मिलने के प्रश्न पर कहा कि रोस्टर वही था लेकिन किसी दिन आपूर्ति यदि ज्यादा मिली रही होगी तो तदनुरूप कटौती नहीं हुई होगी। कुछ जगहों पर तार टूटने आदि से बिजली प्रभावित हुई थी जिसे ठीक कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें