अंबेडकरनगर। नाबार्ड वित्त पोषित योजना के तहत सवा चार करोड़ रुपये की लागत से जिले में चार सेतुओं के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इनके निर्माण से लगभग डेढ़ लाख की आबादी को आवागमन में सहूलियत होगी।
कुछ माह पूर्व सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय ने जिले की एक दर्जन से अधिक सकरी पुलिया व सेतु के निर्माण व चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से शासन को पत्र भेजा था। इसी क्रम में प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग लखनऊ ने शुक्रवार काे सेतु व सकरी पुलिया के चौड़ीकरण को मंजूरी प्रदान की है। कार्यालय के अनुसार लगभग दो करोड़ 21 लाख रुपये से रायगंज, मिझौड़ा से तिवारीपुर मार्ग पर किमी 15 पर सकरी पुलिया के स्थान पर चौड़े सेतु का निर्माण कराया जाएगा। 44 लाख 29 हजार रुपये से सेवागंज से गोसाईगंज मार्ग पर किमी दो पर लघु सेतु का निर्माण किया जाएगा। 63 लाख 74 हजार रुपये से अकबरपुर गौहनिया मार्ग पर किमी 14 पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर आरसीसी लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। 47 लाख दो हजार की लागत से हंसवर मकरही से जहांगीरगंज के मार्ग पर पुरानी सकरी पुलिया के स्थान पर आरसीसी बाॅक्स कल्वर्ट का निर्माण कराया जाएगा।
जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
शासन से चार सेतुओं के निर्माण को मंजूरी मिली है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
-अजय जयसवाल, सहायक अभियंता प्रांतीय खंड