अंबेडकरनगर। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म के आरोप में अकबरपुर कोतवाली में तैनात सिपाही पर केस दर्ज किया गया है। एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। अकबरपुर कोतवाली के अस्पताल चौकी पर सिपाही के रूप में इन दिनों संतोष यादव की तैनाती थी। पूर्व में वह वर्ष 2016 में बस्ती जिले में भी तैनात रहा।
बताया जाता है कि वहां तैनाती के दौरान उसका एक युवती से संबंध हो गया। युवती को शादी का झांसा देकर उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में सिपाही का स्थानांतरण अंबेडकरनगर हो गया। उसने बाद में युवती से शादी करने से इन्कार कर दिया। पीड़ित युवती एक दिन पहले गुरुवार को अंबेडकरनगर पहुंची। यहां उसने एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र से मुलाकात की। एसपी ने तत्काल केस दर्ज करने का निर्देश दिया। देर रात आरोपी सिपाही संतोष यादव के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। बाद में एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित भी कर दिया।