अंबेडकरनगर। तिरंगे के सम्मान का जो सपना डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए हटाकर पूरा कर दिया। इस निर्णय से देशवासी गौरवांवित हैं। ये विचार शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की बाइक रैली व तिरंगा यात्रा के समापन पर एसएन पब्लिक स्कूल नेवादा में सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व्यक्त किए। इससे पहले उन्होंने जलालपुर के एनडी इंटर कॉलेज से तिरंगा यात्रा को कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक के साथ रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने जलालपुर नगर के एनडी इंटर कॉलेज से कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम के बीच तिरंगा यात्रा कोरवाना किया। कार्यकर्ताओं ने कई इलाकों का भ्रमण किया। बाद में कार्यकर्ताओं की टोली नेवादा पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा समापन सभा का आयोजन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गरीबों के हित में समर्पित हैं। मोदी सरकार ने पूरे देश में राष्ट्रीयता का भाव पैदा कर विश्व में भारत का मस्तक ऊंचा कर दिया है। कहा कि जन-जन में तिरंगे का सम्मान व भारत का स्वाभिमान बढ़ाने के लिए तिरंगा यात्रा का शुरू की गई है।
कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विधानसभा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर जम्मू कश्मीर में केंद्र के निर्णय के बाद बदली परिस्थितियों पर चर्चा करें। राज्य मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि जलालपुर की जनता आने वाले उपचुनाव में इतिहास रचने को तैयार है। जलालपुर प्रभारी संतोष सिंह, पूर्व सांसद हरिओम पाण्डेय, विधायक टंाडा संजू देवी व विधायक आलापुर अनीता कमल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं ने समाज के सभी वर्गों का कल्याण किया है। जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए यात्रा की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया।
इस मौके पर राष्ट्रीय परिषद सदस्य रमाशंकर सिंह, जिला महामंत्री अवधेश द्विवेदी, वरिष्ठ नेता डॉ. राना रणधीर सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता तिवारी, पूर्व चेयरमैन चंद्रप्रकाश वर्मा, भाजपा नेता मनोज गुप्ता, डॉ. राजेश सिंह, पंकज पाठक, मिथिलेश त्रिपाठी, हर्षवर्धन सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, रामप्रकाश यादव, रजनीश सिंह, विशाल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
जलालपुर नगर से भाजपा की तिरंगा यात्रा निकलने के चलते शुक्रवार को सुबह से ही कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भीड़ को लेकर प्रशासन ने कोई योजना नहीं बनाई थी। इसके चलते सुबह से ही नगर के कई क्षेत्रों में जाम लग गया। जाम शहर के बाहर तक पहुंच गया। लोग घंटों जाम से जूझते रहे।