भीटी (अंबेडकरनगर)। चिउटीपारा निवासी अधेड़ की हत्या के आरोपी सिपाही को एसपी ने शुक्रवार को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम गठित कर दी है। पुलिस टीम आरोपी सिपाही सहित अन्य की तलाश में जुट गई है।
थाना क्षेत्र भीटी के चिउटीपारा निवासी प्रहलाद सिंह (48) का शव बुधवार की सुबह इटवा गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे के पास संदिग्ध हालात में मिला था। परिजन शुरू से ही हत्या का आरोप लगा रहे थे। केस दर्ज न होने के चलते करीब 20 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया गया था। बाद में दिवंगत की पत्नी मंजू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने भीटी थाने में तैनात सिपाही प्रत्यूष सिंह, पिंगरियावां निवासी रवि सिंह सहित दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
गुरुवार रात पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। केस दर्ज होने के बाद से ही सिपाही फरार हो गया। इस बीच अब एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने हत्या के आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। विस्तृत जांच का निर्देश दिया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस सेल की भी मदद ले रही है। कई स्थानों पर छापे भी डालने की खबर है।
बताया जाता है कि आरोपी सिपाही भीटी थाने पर जुलाई 2021 से ही तैनात था। करीब डेढ़ वर्ष से एक ही थाने पर तैनात रहे सिपाही की कई शिकायतें सामने भी आ चुकी थीं।
सीओ भीटी शुभम कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच एसपी ने पांच सदस्यीय टीम को सौंपी है। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार राय के नेतृत्व में जांच की जाएगी। उनके अलावा टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार यादव, अहिरौली थाने के उपनिरीक्षक अजय यादव व एसओजी टीम के उपनिरीक्षक विरेंद्र बहादुर बहादुर सिंह शामिल हैं।