आलापुर (अंबेडकरनगर)। बार व बेंच के बीच हुई बैठक में शुक्रवार को कोर्ट चलने पर सहमति बन गई। अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ने सर्वसम्मति से बार बेंच के बीच लंबे समय से आ रहे गतिरोध के समाप्त हो जाने की घोषणा की।
मालूम हो कि निरस्त किए गए मुकदमे में वाजदायरा को स्वीकार न करने को लेकर अधिवक्ता व अधिकारियों के बीच मतभेद हो गया था। इससे कोर्ट सुचारु रूप से नहीं चल पा रही थी। इस बीच हुए अधिवक्ता संघ चुनाव के बाद नई कमेटी के पदाधिकारी तथा अधिवक्ताओं के साथ एसडीएम सुभाष सिंह, तहसीलदार धर्मेंद्र यादव तथा नायब तहसीलदार राजकपूर ने शुक्रवार को तहसील के वसुधा सिंह सभागार में बैठक की। अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सुनीति द्विवेदी ने पक्ष रखते हुए कहा कि पुराने मुकदमे का वाजदायरा स्वीकार किया जाए। अगर ऑनलाइन मुकदमे चलने में कोई समस्या हो तो उसे ऑफलाइन चलाया जाए। लेकिन हर हाल में वाजदायरा स्वीकार किया जाए।
अधिवक्ताओं ने यह भी कहा कि राजस्व लेखपालों द्वारा समय से आय, जाति, निवास व बैनामे खारिज दाखिल का रिपोर्ट तथा वरासत जैसे कार्यों में जानबूझकर देरी की जाती है। इन कार्यों को एक समय सीमा के अंदर निपटवाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर विचार करते हुए कार्य किया जाएगा। वाजदायरा स्वीकार करने पर भी बात बन गई। इस मौके पर महामंत्री नरेंद्र यादव, जगन्नाथ मिश्र, मोहम्मद शाहिद, रामचंद्र यादव, गजराज यादव आदि मौजूद रहे।