जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बकाया विद्युत बिल की वसूली के लिए शहर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जलालपुर विद्युत वितरण खंड की गठित अलग अलग टीमों ने सघन जांच कर कुल 167 कनेक्शन की जांच की। इन सभी पर बिजली बिल की 9.10 लाख रुपया की बकायेदारी मिली। टीम ने 112 उपभोक्ताओं से मौके पर ही 5.62 लाख की बकाया राशि वसूली। इस दौरान बकाया बिजली बिल का भुगतान न करने पर 55 उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने की सख्त कार्रवाई भी की।
शासन के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम बकाया बिल की वसूली के लिए छापामार अभियान चला रही है। जलालपुर विद्युत वितरण खंड के अवर अभियंता संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि बिजली चोरी पकड़ने व बकाया बिल राशि की वसूली के लिए पांच टीमें गठित की गई थीं। टीम ने जलालपुर के अलावा मंगुराडिला, बड़ागांव, तिलवनिया, भाऊकुआं सहित अन्य गांवों में बड़े बकायेदारों के यहां सघन जांच की।
112 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिल राशि के बतौर 5.62 लाख की राशि जमा करा दी जबकि 55 उपभोक्ता ने चेतावनी के बाद भी 3.47 लाख की बकाया बिल राशि नहीं चुकायी। इस पर जांच टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी 55 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। साथ ही चेताया कि यदि बकाया जमा किये बिना विद्युत कनेक्शन को जोड़ने का प्रयास किया गया तो सीधे केस दर्ज होगा।