अंबेडकरनगर। जिला कांग्रेस कार्यालय पर रविवार को हिमाचल प्रदेश के इंदोरा से कांग्रेस विधायक मालेंद्र राजन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मालेंद्र राजन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाताओं के अधिकारों पर डाका डालकर सत्ता हासिल की है। अब भाजपा से सत्ता छीनने की बारी है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, तब तक इंडिया गठबंधन विरोध जारी रखेगा। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली ‘वोट चोर, कुर्सी छोड़’ रैली में जिले के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में ब्राह्मणों पर सबसे अधिक अत्याचार हुए हैं। इससे ब्राह्मण समाज के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि दिल्ली में होने वाली रैली में जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह, अमित जायसवाल, सुनील मिश्रा, विशाल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजबहादुर मिश्रा, जियाउद्दीन अंसारी, रामजन्म दूबे, तौसीफ अहमद, कुलदीप उपाध्याय, गुलाम रसूल, मिसबाहुद्दीन अंसारी, अनीता यादव और सतीश चंद्र प्रजापति सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।