अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मल्लूपुर मजगवां में हुए हत्याकांड को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने एडीएम को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराए जाने व साथ ही मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। कहा कि यदि हत्या के आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार न किया गया तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी डॉ. विजयशंकर तिवारी, वरिष्ठ नेता रामजनम दुबे, जिला कोऑर्डिनेटर संजय तिवारी व सीडब्लूसी जिलाध्यक्ष रवीश शुक्ल आदि ने एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने शासन प्रशासन से पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये आर्थिक मदद, परिवारीजनों को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। साथ ही मांग की कि हत्या के आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया जाए। इस मामले में दोषी सभी लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। जिलाध्यक्ष रवीश ने कहा कि यदि मामले में अविलंब कार्रवाई न हुई तो पार्टी आंदोलन के लिए विवश होगी। इस मौके पर बद्रीनरायण शुक्ल, रामतिलक सागर, जगदंबा प्रसाद पांडेय आदि मौजूद रहे।