केदारनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा विकास खंड क्षेत्र के भगवती प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज परिसर में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल टांडा खंड के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने लंबी कूद, दौड़ व कबड्डी आदि खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी में बरुवा जलांकी की टीम अव्वल रही। वहीं दौड़ में अमित व संतोष ने बाजी मारी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी शशांक सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल हमेशा खेल भावना को कायम रखते हुए खेलना चाहिए। यही एक श्रेष्ठ टीम व खिलाड़ी की पहचान होती है। विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रबंधक आरपी वर्मा ने कहा कि खेलकूद सिर्फ तन को ही फायदा नहीं पहुंचाते हैं, अपितु मन को भी प्रसन्न रखने व एकाग्र रखने में सहायक होते हैं।
एक दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ बालिका वर्ग की कबड्डी से शुरू हुआ। इसमें बरुवा जलांकी की टीम को विजेता, जबकि भगवती प्रसाद मेमोरियल बेलांगर को उप विजेता घोषित किया गया। 400 व 200 मीटर की दौड़ में बालक वर्ग में संतोष कुमार जैनापुर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि 800 मीटर की दौड़ में अमित पटेल को प्रथम स्थान मिला। कई अन्य खेलों के माध्यम से भी युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बाद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह, अखंड प्रताप यादव, मिथलेश कुमार, राधेश्याम वर्मा, फ़सील बेग, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।