अंबेडकरनगर। जलालपुर नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर भेजना पड़ा। बाद में महिला की मौत हो गई। प्रकरण जलालपुर के मंगुराडिला में निजी अस्पताल से जुड़ा है। अस्पताल के संचालक डॉ अंकित सिंह जिले के ही राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के ईएनटी विभाग में बतौर चिकित्सक तैनात हैं। अन्य चिकित्सक यहां निजी अस्पताल में मरीजों का इलाज और ऑपरेशन करते हैं।
बताया जाता है कि बृहस्पतिवार दिन में अल्लीपुर निवासी युवती सीमा यादव (35) को प्रसव पीड़ा के बाद परिजन लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां ऑपरेशन कर प्रसव कराया गया। इसमें प्री मैच्योर जुड़वा बच्चे हुए। करीब सात माह के इन बच्चों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज के विशेष वार्ड में भेज दिया गया।
महिला की जांच में खून की कमी पाई गई थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार खून का प्रबंध कर उसे चढ़ाया गया। इसके बाद भी हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ा। वहां ले जाने पर महिला की मौत हो गई। दोनों नवजात का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जा रही है।