विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। डीएम अविनाश सिंह ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद टांडा का निरीक्षण किया। इस दौरान नजूल भूमि को लेकर शासनादेश का उल्लंघन किए जाने की पत्रावली जांची। गड़बड़ी मिलने पर जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में गठन कर दिया। टैक्स वसूली कम होने पर नाराजगी भी जताई।
डीएम बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद टांडा पहुंचे। वहां उन्होंने नगर पालिका कार्यालय कक्ष का निरीक्षण किया। अधीक्षक कक्ष, टैक्स विभाग, अवर अभियंता जलकल कक्ष, नजूल विभाग, बिजली विभाग, अकाउंट कक्ष, अवर अभियंता सिविल कक्ष, कैशियर कक्ष आदि की व्यवस्थाओं को देखा। कार्यालयों में पत्रावलियों के रखरखाव पर संतोष प्रकट किया ।
निरीक्षण के दौरान नजूल विभाग में नजूल से जुड़ी पत्रावली में शासनादेश का उल्लंघन कर दाखिल खारिज और अमलदरामद करने का मामला मिला। डीएम ने अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया और 10 दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि जब तक जांच आख्या नहीं आ जाती तब तक कोई नया अमलदरामद और दाखिल खारिज नहीं होगी।
डीएम ने चेयरमैन और सभासदों से बातचीत की। इसमें हाउस टैक्स, वाटर टैक्स तथा नगर पालिका के भवन में दुकान करने वाले दुकानदारों का मुद्दा सभासदों ने उठाया। डीएम ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ठंड को देखते हुए नगर में अलाव जलाने के लिए जल्द टेंडर कराने का निर्देश प्रभारी ईओ को दिया। यह भी कहा कि पालिका की दुकानों का किराया व टैक्स न जमा करने पर कार्रवाई होगी। टैक्स वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में कुल 205 दुकानें हैंए इनसे जुड़े दुकानदारों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।