शनिवार को मतगणना शुरू होते ही परिणाम जानने के लिए प्रत्याशियों के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखा। सुबह से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट जुट गए। जैसे-जैसे मतगणना का दौर आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे समर्थकों में उत्साह भी बढ़ता गया। जिस राजनीतिक दल के आगे होने की जानकारी दी जाती, उसके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ जाती।
कई प्रत्याशियों के आगे-पीछे होने से समर्थकों के चेहरे भी लटकते व खिलते दिखे। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार सुबह आठ बजे मतगणना प्रारंभ हुई तो भाजपा, सपा व बसपा प्रत्याशियों के समर्थक हवाईपट्टी व उसके आसपास जुट गए। समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों को मिले वोट के बारे में जानकारी हासिल करने के प्रयास में लगे हुए थे।
जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ता जा रहा था, वैसे-वैसे भाजपा व बसपा समर्थक खुशी से तालियां बजाने लगते। सपा प्रत्याशियों के लगातार पीछे होने पर संबंधित प्रत्याशियों के समर्थक धीरे-धीरे वहां से खिसक लिए। सिर्फ भाजपा व बसपा प्रत्याशियों के समर्थक ही डटे हुए थे। जैसे-जैसे परिणाम सामने आया, संबंधित पार्टी के समर्थक उत्साह से नारेबाजी करने लगे।
टांडा व आलापुर से कई चक्र में सपा प्रत्याशियों के आगे चलने की खबर पर अकबरपुर से लेकर टांडा व आलापुर में सपाइयों के चेहरे खिलते दिखे लेकिन पीछे होते ही उनके चेहरों पर मायूसी साफ दिखने लगती। यही हाल जलालपुर के भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों का रहा।
शुुरुआती राउंड में आगे होते ही वे सब खुशी से झूम उठे लेकिन इसके बाद फिर यह मौका दोबारा हाथ नहीं आया। अकबरपुर व कटेहरी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थक नजदीकी मुकाबले को लेकर कई बार उम्मीदों से सराबोर हुए लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं आया। इन सीटों पर आखिरकार जश्न मनाने का मौका बसपा समर्थकों के हाथ ही लगा।