अंबेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र के तिलकारपुर गांव में मंगलवार को दोपहर जर्जर भवन को तोड़ने के दौरान अचानक छत ढह गई, जिससे वहां कार्य कर रहे दो किशोर समेत तीन लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
हंसवर थाना क्षेत्र के तिलकारपुर गांव में जर्जर हो चुके भवन को तोड़ा जा रहा है। बताया जाता है कि जिनके घर को तोड़ा जा रहा था, उसे तोड़ने में परिवार के सदस्य ही लगे थे। मंगलवार को भी भवन तोड़े जाने का कार्य चल रहा था। बताया जाता है कि इसी बीच दोपहर में अचानक जर्जर हो चुकी छत ढह गई, जिससे विशाल (15) पुत्र श्रीकृष्ण, आनंद (35) पुत्र श्रीचंद्र व कुंज मोहन (17) पुत्र सूर्यनरायन मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीन घायलों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी टांडा ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां आनंद की हालत गंभीर बनी हुई है।