अकबरपुर टांडा मार्ग पर सुबह कोहरे के बीच गुजरते लोग।
अंबेडकरनगर। शहर मंगलवार को कड़ाके की ठंड और गलन की चपेट में रहा। मंगलवार को चुभती हवा चलने से लोग दिनभर कंपकंपाते रहे और सुबह और शाम तो काटना मुश्किल हो गया। एक के ऊपर एक ऊनी कपड़े पहनने से भी राहत नहीं मिली। सुबह घने कोहरे के बाद दिन में मौसम खुला, लेकिन कोई खास राहत नहीं मिली।
मंगलवार भोर से कोहरा गिरना शुरू हुआ तो सड़कों पर वाहन रेंगने लगे। सुबह 10 बजे के बाद तक कोहरे का सितम बना रहा। शहर के ओवरब्रिज, अयोध्या मार्ग, टांडा मार्ग व बसखारी मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के साथ सर्द हवा और गलन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। भीटी, जलालपुर, टांडा व आलापुर की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा।
दोपहर 12 बजे के बाद हवा चलनी शुरू हुई तो गलन भी बढ़ गई। हालांकि, इससे कोहरा छंटने के साथ ही मौसम खुला और धूप के दर्शन हुए। चुभती हुई गलन से धूप की तपिश भी कोई खास राहत नहीं दे पाई। साप्ताहिक बंदी के दिन भी जिन लोगों ने अपने प्रतिष्ठान खोले, वहां ग्राहक कम ही पहुंचे। दुकानों के आसपास अलाव जलाकर लोगों ने मौसम की मार से बचने की कोशिश की।
दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार चार से सात किमी प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में ठंड और जोर पकड़ेगी।