अंबेडकरनगर। कई दिन बाद कोहरा छंटने व सुबह से ही धपू निकलने की वजह से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, तेज सर्द हवाओं ने धूप का मजा किरकिरा कर दिया। धूप निकलने से बाजारों व प्रमुख मार्गों पर लगभग पूरे दिन चहल-पहल रही। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजारों में पहुंचे। इससे दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। उधर, किसानों के चेहरे पर भी चमक दिखने लगी है। उनका कहना था कि यदि इसी तरह आगे भी मौसम रहा तो इससे दलहनी व तिलहनी फसलों का नुकसान होने से बचाया जा सकता है।
वैसे तो ठंड का दौर लगातार जारी है। एक दिन पहले तक पूर्वाह्न तक घना कोहरा छाए रहने व सर्द हवाएं चलने से जहां लोगों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलें हो रही थीं, वहीं गुरुवार की सुबह लोगों के लिए काफी आनंददायक रही। सुबह से ही धूप निकल आई। इसका लोगों ने बढ़ चढ़कर आनंद उठाया। धूप का मजा स्कूलों, सरकारी व निजी कार्यालयों में भी लोगों द्वारा लेते देखा गया। हालांकि, पूर्वाह्न
न बाद से सर्द हवाएं चलने लगीं, जिसने धूप की तपिश को कम कर दिया। इससे एक बार फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। इसके बाद भी धूप निकलने से जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारें लोगों से पूरे दिन गुलजार रहीं। न सिर्फ शहरी व नगरीय क्षेत्र, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोगों ने बाजारों में पहुंचकर बढ़ चढ़कर खरीददारी की। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से दुकानदारों के भी चेहरे खिल उठे। दरअसल लगभग डेढ़ माह बाद इस प्रकार की चहल पहल बाजारों में हुई थी।
उधर, मौसम साफ हो जाने से किसानों के भी चेहरे खिल उठे। किसान रामदयाल, मंगेश कुमार व आदित्य नरायन ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि कई दिनों के बाद सुबह से ही धूप निकलता देख बहुत अच्छा लगा। इसे देख अब ऐसा लगता है कि मौसम जल्द ही सामान्य हो जाएगा। यदि ऐसा होता है, तो इससे दलहनी व तिलहनी फसलों को नुकसान होने से बचाया जा सकता है।