कुछ दिनों से आसमान पर काले बादल उमड़ घुमड़ तो रहे हैं, लेकिन वे बरस नहीं रहे हैं। काले बादलों के उमडने घुमडने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। प्रात: से ही काले बादल आसमान पर मंडराने लगे।
यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली। लेकिन बिन बरसे बादलों के आगे बढ़ जाने के चलते बारिश की उम्मीद लगाए किसानों को तगड़ा झटका लगा।
बारिश न होने के चलते वे धान की बेरन नहीं तैयार कर पा रहे हैं। अकबरपुर के धान किसान इंद्रकुमार व जगदंबा ने कहा कि धान की बेरन लगाने के लिए खेत नहीं तैयार हो पा रहा है।
यदि शीघ्र ही बारिश नहीं होती है, तो इसका खामियाजा धान किसानों को भुगतना पड़ सकता है। भीटी के किसान रामबख्श सिंह व जगदीश तिवारी ने कहा कि काले बादलों में उमडने घुमडने से शीघ्र ही बारिश होने की उम्मीद बढ़ी है। यदि शीघ्र ही बारिश नहीं होती है, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव खेती पर पड़ेगा।