लगभग 6 करोड़ की लागत से बन रहे इस इस फायर स्टेशन के निर्माण पर बीते दिनों उस समय खतरा मंडराने लगा था, जब पीडब्ल्यूडी विभाग व कुछ स्थानीय लोगों ने यह कहते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा है, उसमें से कुछ भूमि उनकी है।
इस पर अग्रिशमन विभाग ने अवैध कब्जा कर रखा है। तीन माह की उठा पटक के बाद बीते दिनों एसडीएम व तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की और लगभग साढ़े 34 हजार वर्ग फुट भूमि फायर स्टेशन निर्माण के लिए उपलब्ध कराई। इसके बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
मालूम हो कि अकबरपुर फायर स्टेशन के लिए स्थायी भवन निर्माण की अनुमति शासन ने प्रदान की थी। 5 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस फायर स्टेशन के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था समाज कल्याण निर्माण निगम को सौंपी गई थी।
मई 2016 में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाने का निर्देश भी शासन ने दिया थी। धन उपलब्ध होने के बाद कार्यदायी संस्था ने मई 2015 से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया। अभी निर्माण नींव तक ही पहुंचा था कि तभी पीडब्ल्यूडी व कुछ स्थानीय लोगों ने अग्रिशमन विभाग पर भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने का का आरोप लगा दिया। विरोध के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया।
तमाम कानूनी प्रक्रियाओं के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर व तहसीलदार के नेतृत्व ने राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई। इसके बाद फायर स्टेशन निर्माण के लिए 34 हजार 645 वर्ग फुट भूमि विभाग को उपलब्ध करा दी।
निर्माण में भूमि को लेकर आ रहे गतिरोध के दूर होने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। फायर स्टेशन अधिकारी अरविंद मिश्र ने बताया कि पैमाइश के बाद निर्माण कार्य में आ रही रुकावट अब समाप्त हो गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। बताया कि स्टाफ क्वार्टर ,अधिकारी भवन, प्रशासननिक भवन व गैराज का निर्माण होना है।