अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में शनिवार को भर्ती पिटाई से घायल युवक।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत खिद्दिरपुर गांव में शुक्रवार देर शाम भूमि विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।खिद्दिरपुर गांव निवासी घिर्राऊ व पुरुषोत्तम के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चला आ रहा है।
इसे लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने भी आ चुके हैं। मामला पुलिस तक भी पहुंचा लेकिन स्थाई निस्तारण नहीं हो सका। इसी का नतीजा रहा कि शुक्रवार देर शाम एक बार फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम घिर्राऊ पक्ष के लोगों ने संबंधित भूमि पर यह कहते हुए कूड़ा डालना शुरू कर दिया कि भूमि उनकी है।
पुरुषोत्तम पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही दोनों पक्षों की तरफ से लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
मारपीट में एक पक्ष के पुरुषोत्तम (55) पुत्र सूर्यपाल, अमन (18) पुत्र पुरुषोत्तम व अनीता (20) पुत्री पुरुषोत्तम तथा दूसरे पक्ष के घिर्राऊ व अजीत को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।