अंबेडकरनगर। हरियाणा के रेवाड़ी जिले निवासी अजीत सिंह के बेटे समुंदर की शादी आलापुर के चंदन यादव ने अपनी पत्नी रंजना से बहन बताकर करा दी और इसके एवज में करीब पांच लाख रुपये ऐंठ लिए।
शादी के तीन दिन बाद इसकी जानकारी हुई तो अजीत ने रंजना को वापस भेज दिया। रुपये मांगने पर मारने की धमकी दी गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सोमवार शाम पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
हरियाणा के रेवाड़ी के ग्राम झाबुआ निवासी अजीत ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके दो पुत्र समुंदर सिंह और वीरेंद्र सिंह अविवाहित हैं। वह दोनों के विवाह के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनके साले जनपद महेंद्रगढ़ के महरमपुर निवासी सुनील सिंह, रेवाड़ी के बोहकला निवासिनी सनपती और महेंद्रगढ़ के राताकला निवासी नरेंद्र सिंह ने विवाह कराने का भरोसा दिलाया।
यह लोग अजीत और उनके बेटों को अकबरपुर लेकर पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात आलापुर के मकरही निवासी चंदन यादव, रंजना, बसखारी पूर्वी के गली नंबर 10 निवासी गौतम सिंह, पिंकी आदि से हुई। यहां चंदन यादव ने रंजना को अपनी बहन बताया। सभी ने कहा कि रंजना अविवाहित है और शादी के लिए तैयार है।
शादी तय कराने के बदले आरोपियों ने पांच लाख रुपये मांगे। यह रकम भी उन्होंने नकद दे दी। 15 अप्रैल 2024 को हरियाणा के बावल क्षेत्र में एक मंदिर में समुंदर सिंह और रंजना की शादी कराई गई। आरोप है कि शादी के तीसरे दिन पूछने पर रंजना ने बताया कि चंदन यादव ही उसका असली पति है। रंजना ने यह भी बताया कि उसका एक बेटा कुंदन है। रुपये ऐंठने के लिए उसने शादी की थी।
प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश के पर आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।