अंबेडकरनगर। समय से वेतन न मिलने से आहत सीएचओ ने आत्महत्या करने की चेतवनी दी है। इससे संबंधित एक पत्र रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आनन फानन अधिकारियों ने सीएचओ से वार्ता कर उसकी समस्या का समाधान कराया।
जलालपुर क्षेत्र के बंदीपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर मुरादाबाद जिले के रहने वाले रिजवान अली सीएचओ के पद पर तैनात हैं। रविवार को इनका एक पत्र वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने समय से तनख्वाह न मिलने के कारण तंगहाली होने के साथ, खाने-पीने के पैसे न होने की बात कही थी। साथ ही आत्महत्या की चेतावनी भी दी थी।
पत्र वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के हांथ-पांव फूल गए। अधीक्षक ने इसकी जानकारी सीएमओ को दी। इसके बाद अधिकारियों ने उनसे बात कर समस्या का समाधान कराया। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि सीएचओ से बात कर उसे संतुष्ट कर दिया गया है। अभी तक किसी भी सीएचओ की सैलरी नहीं आई है। संबंधित को जिले के सभी सीएचओ की सैलरी निकलवाने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)