शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर के विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकली। बच्चों के साथ शिक्षकों ने आसपास के गांवों में घर-घर जाकर लोगों से अपने बच्चों का प्रवेेश परिषदीय विद्यालय में कराने का आह्वान किया। कहा कि घर में खुशहाली तभी आएगी, जब परिवार का सभी सदस्य शिक्षित व जागरूक होगा।
इस दौरान बच्चों ने ‘शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन’ आदि नारे भी लगाए। उच्च प्राथमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर दौना से शनिवार को संयुक्त रूप से एनपीआरसी दिनेश कुमार की मौजूदगी में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई।
विद्यालय प्रधानाध्यापक श्यामलाल की अगुवाई में रैली ने क्षेत्र पंचायत के विभिन्न गांवों में भ्रमण किया। इस दौरान अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालय में कराने का आह्वान किया गया। कहा गया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्ता परक शिक्षा देने की पूरी व्यवस्था है।
साथ ही सरकार बच्चों को कई तरह की सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है। ऐसे में लोगों को आगे आकर इसका लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर सहायक अध्यापक मदनलाल, अनुपमा श्रीवास्तवा, मोहम्मद अहमद, संदेश कुमार व आज्ञाराम आदि मौजूद रहे।
उच्च प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर नोखा में मोहम्मद मसूद के नेतृत्व में निकली रैली में शिक्षिका पुष्पावती, मोहिनी गुप्ता, अजय कुमार व वंदना आदि शामिल रहीं। प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर नोखा में प्रधानाध्यापिका अनामिका वर्मा, सविता, संगीता गिरि व चंदन आदि शामिल रहे।
प्राथमिक विद्यालय बरौरा में प्रधानाध्यापक मेंहदी रजा के नेतृत्व में बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल बच्चों ने नारे भी लगाए कि ‘शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन’, ‘शिक्षा ही है संस्कार की जननी’।
शिक्षा से ही समाज की बुराइयां दूर की जा सकेंगी। शिक्षकों ने अभिभावकों से अपने बच्चों को परिषदीय विद्यालय में पढ़ाने का आह्वान किया। इस मौके पर सहायक अध्यापिका सरोजलता, विद्यावती व राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।