बसखारी। कस्बे में अवैध डायग्नोस्टिक सेंटरों के संचालन के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। सब्जी मंडी स्थित लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापे के बाद सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर डॉ. विजय बहादुर वर्मा को अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है।
डीएम ईशा प्रिया के निर्देश पर मंगलवार को सीएमओ और एसडीएम टांडा संजीव सिंह की संयुक्त टीम ने लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारा था। जांच में अल्ट्रासाउंड संचालन में अनियमितता मिलने पर मशीन वाले कक्ष को सील कर दिया गया। साथ ही एक्सरे और पैथोलॉजी से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच की गई।
इससे पहले करीब चार माह पूर्व एसडीएम टांडा ने छापा मारकर प्रकाश डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कराया था। इसके बावजूद क्षेत्र में अन्य सेंटरों की निगरानी पर सवाल उठते रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है। दोषी मिलने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
भीटी सीएचसी में भी चिकित्सक पर कार्रवाई
अंबेडकरनगर। भीटी सीएचसी में तैनात डॉ. सीपी भारती को भी हटा दिया गया है। सीएमओ ने लापरवाही के आरोप में उन्हें सीएचसी से हटाकर अपने कार्यालय में तैनात किया है। सीएमओ ने बताया कि चिकित्सकों और कर्मचारियों के कार्यों की निगरानी की जा रही है। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)