अकबरपुर संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित लैब।
अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते तीन दिन से सीबीसी मशीन से खून की जांच ठप है। इससे प्रतिदिन 50 से अधिक मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है। साथ ही निजी पैथोलॉजी सेंटरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वायरल बुखार का सीजन होने के चलते हर तीसरे मरीज को जांच कराने की जरूरत पड़ रही है।
बीते माह संयुक्त सामुदायिक केंद्र पर नई कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) मशीन लगाई गई थी। एक पखवारा चलने के बाद मशीन का रीजेंट खत्म होने के चलते जांच ठप हो गई है। वायरल का सीजन होने के चलते प्रतिदिन कम से कम 50 से 60 मरीज जांच के लिए आते हैं। जांच न हो पाने से उन्हें वापस जाना पड़ता है। पैथोलॉजी प्रभारी अरविंद मौर्य ने बताया कि इस मशीन के संचालन के लिए चार प्रकार के रीजेंट का प्रयोग किया जाता है। अगर रीजेंट खत्म हो जाता है तो मशीन का संचालन नहीं किया जा सकता।
बीते तीन दिन पहले रिजेंट खत्म होने की जानकारी कार्यदायी संस्था को दी गई है। रीजेंट मिलने के बाद ही मशीन का संचालन हो सकता है। बताया कि मशीन के न चलने से लाल रक्त कोशिकाओं की जांच, सफेद रक्त कोशिकाओं की जांच के साथ प्लेटलेट्स की संख्या, हीमोग्लोबिन, हेमाटीक्रिट, रेटीक्यूलोसाइट काउट, एनीमिया व ब्लड इंफेक्शन जैसी लगभग 16 प्रकार की जांचें प्रभावित हैं।
वापस लौट रहे मरीज
आदमपुर तिन्दौली के अमित बीते दो दिन से जांच के लिए अस्पताल आ रहे हैं, लेकिन जांच न होने के चलते शनिवार को भी वापस लौटना पड़ा। जांच कराने पहुंची दीपमाला ने बताया कि वह यहां आई थी, लेकिन पता चला कि मशीन खराब है। अब बाहर जांच कराने पर 250 से पांच साै रुपये तक अलग-अलग पैथालॉजी वाले ले लेंगे।
जल्द शुरू होगी जांच
रीजेंट के लिए नामित एजेंसी को पत्र भेजा गया है। जल्द ही अस्पताल को रीजेंट मिल जाएगा। इसके बाद सुचारु ढंग से जांच शुरू हो जाएगी। -डॉ. मारकंडेय, सीएचसी प्रभारी