बसखारी (अंबेडकरनगर)। केंद्र सरकार नए कृषि कानून की आड़ में उपज की एमएसपी खत्म करने की साजिश रच रही है। किसान यदि अभी इसके लिए आवाज बुलंद नहीं करेंगे तो आने वाले समय में उन्हें अपनी उपज का वाजिब मूल्य मिलना मुहाल हो जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। यह बातें टांडा विधानसभा क्षेत्र के बजदहिया पाईपुर गांव में आयोजित किसान घेरा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ सपा नेता व पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा ने कहीं। उन्होंने किसानों से एकजुट होने का आह्वान किया।
टांडा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संदीप यादव के नेतृत्व में आयोजित किसान घेरा कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि विशाल वर्मा ने कहा कि मौजूदा केंद्र व प्रदेश सरकारों की मंशा किसानों, युवाओं व व्यापारियों के प्रति ठीक नहीं है। मौजूदा समय में प्रत्येक तबका सरकार की मनमानी से परेशान है। नया कृषि कानून लाकर सरकार किसानों का शोषण व उत्पीड़न कर रही है।
जिला पंचायत सदस्य व समाजवादी युवजन सभा जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न यादव ने किसानों से एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि सपा कार्यकर्ता किसानों के हितों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू ने किसान समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस मौके पर मोहम्मद कसीम असरफ, असरफ, अवधेश यादव, रिंकू यादव, कुलदीप वर्मा, दिनेश वर्मा, मोहम्मद चांद, फूलचंद वर्मा, प्रमोद चौरसिया व अनिल यादव आदि मौजूद रहे।