अंबेडकरनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 2025 बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम के बाद छात्रों को अपने अंकों को लेकर असंतुष्टि होने पर एक और मौका दिया जा रहा है। सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 के बाद की प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। किसी छात्र को लगता है कि उसके अंक सही से नहीं दिए गए हैं तो इसके लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने, अंकों के सत्यापन और री-वैल्यूएशन के लिए निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर सकते हैं। सीबीएसई 12वीं के छात्र 27 मई 2025 तक 700 रुपये प्रति विषय शुल्क के साथ स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद वे 28 मई से तीन जून 2025 तक मार्क्स वेरिफिकेशन (500 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका) और री-वैल्यूएशन (100 रुपये प्रति प्रश्न) के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सीबीएसई 10वीं के छात्र 27 मई से दो जून 2025 तक 500 रुपये प्रति विषय शुल्क के साथ स्कैन की गई आंसर शीट्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद तीन जून से सात जून 2025 तक वेरिफिकेशन और री-वैल्यूएशन की प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस दौरान वेरिफिकेशन के लिए 500 रुपये और प्रत्येक प्रश्न के री-वैल्यूएशन के लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित है। सीबीएसई नोडल अधिकारी अखिलेश शुक्ला ने बताया कि यह व्यवस्था पारदर्शिता लाने के लिए की गई है। इसके तहत छात्र-छात्राएं शुल्क जमा कर अपनी उत्तर पुस्तिकाएं दोबारा देख सकते हैं।