अंबेडकरनगर। जिले के संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) जांच ठप है। डेंगू और टाइफाइड की किट भी खत्म हो गई है। मरीजों की जांच न हो पाने से इलाज मुश्किल हो गया है। जरूरतमंद मरीज निजी लैब में मोटी रकम खर्च कर जांच कराने के लिए मजबूर हैं।
अकबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 26 अक्तूबर से सीबीसी जांच प्रभावित चल रही है। रिजेंट खत्म होने से मरीजों की सीबीसी जांच नहीं हो पा रही है। उन्हें निजी लैब में जाना पड़ रहा है। बदलते मौसम में वायरल फीवर व अन्य बीमारियों के चलते इन दिनों अस्पतालों में मरीजाें की संख्या बढ़ी है। हर रोज अस्पताल में करीब 100 मरीजों की ओपीडी होती है। इनमें 60 से अधिक मरीजों को सीबीसी जांच की जरूरत पड़ती है। बुखार के मरीजों की संख्या इन दिनों ज्यादा है, ऐसे में टायफाइड और डेंगू की भी जांच डॉक्टर लिख रहे हैं। ऐसे हालात में विभाग की लापरवाही के चलते अस्पताल में मरीजों की खून की जरूरी जांच तक नहीं हो पा रही है। अगर यहां के मरीज दूसरे सरकारी अस्पताल जाते हैं तो वहां भी पहले से मरीजों की संख्या अधिक होने से काफी परेशानियां आती हैं। ऐसे हालात में मरीज इलाज के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों से जांच कराने के लिए मजबूर हैं।
बुधवार को सीएचसी इलाज कराने पहुंचे अमित ने बताया कि चिकित्सक ने सीबीसी जांच लिखी। लैब प्रभारी ने बताया था कि रीजेंट खत्म है, दो दिन बाद जांच होगी। शहजादपुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि कई दिन से बुखार के चलते वह टाइफाइड की जांच करने आए हैं। बताया जा रहा है कि टाइफाइड जांच की किट खत्म हो गई है। ऐसे अब जांच बाहर करानी पडे़गी। लैब में तैनात कर्मचारी ने बताया गया कि रिजेंट खत्म होने की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। चार दिन पहले टाइफाइड की किट भी समाप्त हो गई। आज डेंगू की किट भी खत्म हो गई है, इसकी जानकारी भी दे दी गई है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सभी अस्पतालों के प्रभारी को पूर्व में निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी जांच किट समाप्त होने से पहले स्टोर से ले लें। अगर कहीं लापरवाही की जा रही है तो उसकी जांच करा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ