जिले में 19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पराग पशु आहार केंद्र का तोहफा दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने दिया। जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अकबरपुर तहसील के बेवाना क्षेत्र के खंजहांपुर गांव में पराग पशु आहार केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसका शिलान्यास छह सितंबर को होगा।
उन्होंने बताया कि बेवाना क्षेत्र के खानजहांपुर गांव में 19 करोड़ रुपये की लागत से पराग पशु आहार केंद्र की स्थापना की जाएगी। 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले इस केंद्र का निर्माण सितंबर 2016 तक पूरा कर लिया जाएगा।
इस केंद्र की स्थापना से न सिर्फ 100 लोगों को रोजगार मिलेगा बल्कि 200 से अधिक आसपास के परिवारों को अप्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। इसकी स्थापना से आसपास की सड़कों का भी बेहतर निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। कहा यह सपा सरकार की ही देन है कि अब विद्युत कनेक्शन न सिर्फ आसानी से मिल रहा है, बल्कि तत्काल मीटर भी लग जाता है।
बर्बाद गेहूं फसल के प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए 62 करोड़ रुपये की मांग की गई थी, जिसमें 20 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया जा चुका है। यह धनराशि किसानों में वितरित भी कराई जा चुकी है।