वैवाहिक आयोजन में भाग लेकर बाइक से घर जा रहे युवक को गोली मारे जाने के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत चार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर गोली लगने से घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, उसकी हालत सामान्य है।
गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भसड़ा गांव निवासी सुड्डू वर्मा (22) पुत्र सियाराम रविवार देर रात एक वैवाहिक आयोजन में भाग लेकर बाइक से वापस घर जा रहा था। गांव के निकट पहुंचते ही पहले से मौजूद दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, उस पर गोली चला दी गई।
यह संयोग ही था कि गोली उसके बाएं कंधे के नीचे लगी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। अंधेरा होने के चलते बदमाश उसे मृत समझकर वहां से भाग खड़े हुए। बाद में गंभीर अवस्था में उसे सीएचसी टांडा ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में घायल युवक के भाई संजय कुमार ने कोतवाली टांडा में रामसूरत वर्मा पुत्र राम नरेश व रामचंदर पुत्र भभूति निवासी अलीगंज शादीपुर थाना इब्राहिमपुर व दो अन्य के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी मनोज पंत ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत चार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।