तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर में रविवार को पिकअप चालक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर एक अन्य हादसे में जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सोमवार सुबह अकबरपुर से यात्रियों को लेकर रोडवेज बस आजमगढ़ की तरफ जा रही थी। सम्मनपुर थाना अंतर्गत खानशाहपुर सुलेमपुर गांव के निकट बसखारी की तरफ से आ रही पिकअप को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बस में सवार यात्री तो बाल-बाल बच गए लेकिन पिकअप चालक फैजाबाद जनपद के मयाबाजार थाना अंतर्गत समंथा निवासी सुनील (25) पुत्र रामकुमार गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके अलावा पिकअप पर सवार इसी गांव निवासी सचिन (22) पुत्र साधू व शिवभवन (30) पुत्र रामकेदार को भी गंभीर चोटें आईं।
आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने चालक सुनील को मृत घोषित कर दिया। घायल सचिन की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि यदि तहरीर मिलेगी तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि पिकअप रविवार देर शाम गोशाईगंज थाना क्षेत्र के खिरौनी से बारात लेकर बसखारी गई हुई थी। सोमवार सुबह सुनील वापस घर जा रहा था।
उधर, एक अन्य हादसे में जीप की टक्कर से घायल बाइक सवार की जिला अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अकबरपुर थाना अंतर्गत राजेपुरधावां गांव निवासी उपेंद्र सिंह (30) पुत्र दरोगा सिंह रविवार देर रात बाइक से टांडा से घर जा रहा था।
सद्दरपुर बाजार के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।