टांडा ( अंबेडकरनगर) । फर्जी ढंग से वरासत दर्ज करने का मामला सामने आने पर ग्राम सचिव पूजा चौरसिया के विरुद्ध हंसवर थाने में डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर केस दर्ज किया गया। साथ ही लेखपाल अभिषेक यादव को निलंबित करने के साथ ही क्षेत्रीय कानूनगो के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही प्रशासन ने संबंधित वरासत को निरस्त कर दिया है।
परिवार रजिस्टर नकल में दूसरे परिवार के व्यक्ति का नाम जोड़ दिए जाने की शिकायत बीते दिनों ग्राम पंचायत नसीराबाद में सामने आई। डीएम अविनाश सिंह ने मामले की जांच कराई तो प्रकरण में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पाया गया कि बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के दिवंगत भोभल के स्थान पर रामविलास यादव का नाम अंकित किया गया है।
डीएम ने फौरन ग्राम सचिव पूजा चौरसिया के विरुद्ध केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। इस पर सहायक विकास अधिकारी बसखारी की तरफ से हंसवर थाने में ग्राम सचिव के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। डीएम की सख्ती को देखते हुए एसडीएम सचिन यादव ने लेखपाल अभिषेक यादव को निलंबित कर दिया जबकि क्षेत्रीय कानूनगो दिनेश कुमार पांडेय के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करा दी।
इसके साथ ही बतौर वारिस दर्ज रामविलास यादव का नाम खारिज कर दिया गया। मालूम हो कि हंसवर थाने में ग्राम सचिव पूजा चौरसिया को नामजद करने के साथ ही बीते पांच वर्षों में तैनात वहां अन्य पंचायत सचिवों को भी इसमें शामिल किया गया है।