अंबेडकरनगर। जिले के बसखारी थाने में आजाद समाज पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण और उनकी पार्टी के तीन विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशियों के अलावा एक जिला पंचायत सदस्य समेत कई समर्थकों के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता और कोविड प्रोटोकॅाल उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है। इसी तरह का केस टांडा कोतवाली में भी आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य पर दर्ज किया गया है। उधर, आलापुर कोतवाली में आलापुर के बीजेपी प्रत्याशी समेत आजाद समाज पार्टी और विकासशील इंसान पार्टी प्रत्याशी पर भी आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है।
बताया जाता है कि आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण के नेतृत्व में शनिवार को बसखारी में चार पहिया और दोपहिया वाहनों का जुलूस चुनाव प्रचार के लिए निकला। वाहनों की संख्या ज्यादा होने पर बसखारी पुलिस ने अनुमति मांगी तो एसओ के अनुसार सिर्फ दो वाहनों की अनुमति थी।
पुलिस ने बाकी वाहन रोक लिए तो सड़क पर ही हंगामा शुरू हो गया। हालात को भांपते हुए पुलिस ने चेतावनी देकर इस शर्त पर जाने दिया कि वाहन कम कर लिए जाएंगे। इसी मामले में चंद्रशेखर, आलापुर प्रत्याशी निखिल राव, टांडा प्रत्याशी सगीर आलम, कटेहरी प्रत्याशी रिंका गौतम व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र गौतम तथा 100 पार्टी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। इसी आरोप में सगीर और राजेंद्र पर टांडा कोतवाली में भी केस दर्ज हुआ, क्योंकि रैली बाद में टांडा तक भी गई थी।
उधर, बिजली के खंभों पर प्रचार सामग्री लगाकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने में आलापुर कोतवाली में आलापुर के बीजेपी प्रत्याशी त्रिवेणी राम, आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी निखिल राव और विकासशील इंसान पार्टी प्रत्याशी प्रेमशीला के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।