टांडा (अंबेडकरनगर)। स्वागत समारोह के नाम पर कोरोना गाइडलाइन व आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर जुलूस निकालना टांडा के भाजपा प्रत्याशी व उनके समर्थकों को भारी पड़ गया। फ्लाइंग स्क्वायड मजिस्ट्रेट ने प्रत्याशी कपिलदेव समेत उनके समर्थकों के विरुद्ध टांडा कोतवाली में नियमों के उल्लंघन में केस दर्ज कराया है।
भाजपा ने बीते दिनों टांडा विधायक संजू देवी का टिकट काटते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया। मंगलवार को प्रत्याशी के समर्थकों ने कई जगह आदर्श चुनाव आचार संहिता व कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए स्वागत समारोह किया और जुलूस निकाला। इसमें नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। इस मनमानी को लेकर आम नागरिकों ने भी नाराजगी जतायी थी। पुलिस अधीक्षक तक इसकी शिकायत पहुंची थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस जांच में जुट गई थी।
इस बीच मंगलवार देर रात टांडा कोतवाली में फ्लाइंग स्क्वायड मजिस्ट्रेट विनोद कुमार ने टांडा कोतवाली में तहरीर देकर केस दर्ज कराया। तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह क्षेत्र में जांच अभियान चला रहे थे। दोपहर में भाजपा प्रत्याशी कपिलदेव व उनके समर्थकों की ओर से बगैर किसी अनुमति के जगह-जगह स्वागत समारोह व जुलूस निकाला गया। इसमें 30 गाड़ियों का काफिला शामिल था। पार्टी प्रत्याशी व समर्थकों की ओर से जमकर नियमों का उल्लंघन किया गया। पुलिस ने मामले में प्रत्याशी समेत उनके समर्थक के विरुद्ध नियमों की अनदेखी में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।