जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कटका थाना क्षेत्र के बबुरा गांव के शनिवार को प्रधान प्रतिनिधि के घर की छत पर चढ़कर बदमाशों ने गोलियां दागी थी। दीवार की आंड़ में छुपकर उन्होंने अपनी जान बचाई। ग्रामीणों की घेराबंदी में एक किशोर पकड़ा गया था, जबकि अन्य लोग भाग निकले थे। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध नामजद केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र कटका के बबुरा निवासी राना मिश्रा ग्राम प्रधान हैं। उनके भाई स्वतंत्र मिश्रा प्रतिनिधित्व करते हैं। स्वतंत्र मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की रात वह अपने दो बच्चों, पत्नी और मां के साथ घर में सो रहे थे। पड़ोसी मनोज मिश्रा ने रात करीब 12 बजे उनको फोन करके बताया कि उनकी छत पर छह लोग असलहा लेकर खड़े हैं। आंगन की छत से देखते ही कबिरहा गांव के एक युवक समेत छह लोगोंं ने उनकी जान लेने की नियत से असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। स्वतंत्र मिश्रा ने दीवार की आड़ में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाॅल्वर से हवाई फायर किए। गोली की आवाज सुन ग्रामीणोंं में दहशत फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से स्वतंत्र मिश्रा ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। इस दौरान एक किशोर ग्रामीणों की पकड़ में आ गया। अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
सूचना मिलते ही गांव में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। पकड़े गए किशोर ने पूछताछ में बताया कि वह घर पर सो रहा था। कबिरहा गांव का एक युवक उन्हें अपने साथ लेकर आया था। शनिवार की रात को कबिरहा गांव के युवक को भी हिरासत में ले लिया गया। अन्य की तलाश में पुलिस दबिश देना शुरू कर दी। कटका थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि किशनपुर निवासी मिंटू गौड़, मुकेश, बबुरा निवासी कार्तिक, नीरज और कुछ अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।