अंबेडकरनगर। मालीपुर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों सहित 13 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में मृतक दीपक उर्फ दीपू (28) के भाई सहदेव, पिता जगदीश और पत्नी के अलावा रजित राम, सुदर्शन, छल्लन सिंह, धर्मेंद्र, सोनू, मनीराम, संजय, सौरभ, रामआशीष और मायाराम शामिल हैं।
जगतूपुर बिल्टई निवासी शिवप्रसाद के अनुसार 25 जुलाई की दोपहर करीब 1 बजे उनके बड़े भाई दीपक अपने चचेरे भाइयों शुभम (19) और रितिक (18) के साथ बाइक से कांवड़ यात्रा का सामान लेने मालीपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान भारतीय स्टेट बैंक के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने 26 जुलाई को शव को मालीपुर चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दिया था। थाना प्रभारी स्वतंत्र देव मौर्य ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।