हंसवर (अंबेडकरनगर)। हंसवर क्षेत्र के हुसैनपुर गिरंट गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट में चार लोगों के घायल होने पर दोनोें ओर से 16 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
हुसैनपुर गिरंट निवासी सनोज चौहान पुत्र सुभाष चौहान और उर्मिला देवी के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बीते 22 अक्तूबर को जब उर्मिला पक्ष के लोग भूमि पर कब्जे का प्रयास करने लगे तो दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। घटना में एक पक्ष से सुभाष चौहान और रामसिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं दूसरे पक्ष से लाली देवी और राजेश चौहान को चोटें आई थीं, जिनका इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उर्मिला देवी की शिकायत पर दिलीप, मोनू, गंगाराम, संदीप, सुभाष, धर्मेंद्र, सनोज, रामसिंह व अमन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, सनोज की ओर से श्याम सुंदर, बसंतलाल, राजेश, राज, राहुल, मन, ढुनढुन व कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।