जलालपुर। राशन की कालाबाजारी करने के आरोप में ग्राम पंचायत मरहरा के कोटेदार के विरुद्ध जलालपुर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। जलालपुर थाने में दर्ज कराए केस के जरिये कहा गया है कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमरजीत सिंह वैश्य, आपूर्ति निरीक्षक जलालपुर आशुतोष सिंह व आपूर्ति निरीक्षक टांडा मुहीद खान समेत लिपिक अनिल चतुर्वेदी की टीम ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत निशुल्क खाद्यान्न कालाबाजारी की शिकायत की बीते दिनों जांच की।
भियांव विकास खंड की मरहरा ग्राम पंचायत में मौजूद कोटे की जांच में कई तरह की गड़बड़ी पाई गईं। राशन वितरण में धांधली की पुष्टि हुई। टीम ने कई पात्रों के बयान दर्ज किए। इसके बाद अपनी रिपोर्ट भेज दी। इसमें 136 क्विंटल गेहूं, 93 क्विंटल चावल तथा लगभग चार क्विंटल चीनी की कालाबाजारी पाई गई।
रिपोर्ट मिलने के बाद अधिकारियों ने प्रकरण की पूरी जानकारी डीएम राकेश कुमार मिश्र को दी। इसके बाद आपूर्ति निरीक्षक जलालपुर आशुतोष कुमार सिंह की तहरीर पर जलालपुर थाने में कोटेदार घनश्याम यादव के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया।