हजपुरा (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र सम्मनपुर के पलई रामनगर बाजार के पास तेज रफ्तार कार ने दो अलग-अलग बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे की जिला अस्पताल में गंभीर बनी बनी हुई है। घायल युवक सफाईकर्मी है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकलने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार सुबह लगभग दस बजे आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया। इसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और सामने से ही आ रहे एक अन्य बाइक सवार को भी जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। हालांकि तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ।
हादसे में जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी कृष्णकुमार चौबे (45) व कोतवाली क्षेत्र टांडा के गौरागूजर निवासी सकलदेव वर्मा (48) गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने कृष्णकुमार को मृत घोषित कर दिया। सकलदेव की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों ने ही हेलमेट नहीं लगा रखा था। बताया जाता है कि सकलदेव सफाईकर्मी हैं। उनकी तैनाती तहसील क्षेत्र टांडा में है।